सीतामढ़ी में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 218 करोड़ की 83 विकास योजनाओं का किया उद्घाटन-शिलान्यास
76.60 करोड़ की लागत से 30 एमटीपीडी क्षमता वाले दुग्ध चूर्ण संयंत्र का शुभारंभ, मत्स्य ब्रुड बैंक के प्रजनन कार्य की भी शुरुआत
सीतामढ़ी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को सीतामढ़ी के राघोपुर बखरी में आयोजित कार्यक्रम में जिले के लिए 218 करोड़ रुपये की लागत वाली 83 विकासात्मक योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इनमें 82 योजनाओं का उद्घाटन और एक योजना का शिलान्यास शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान 76.60 करोड़ रुपये की लागत से 30 एमटीपीडी क्षमता वाले दुग्ध चूर्ण संयंत्र के निर्माण कार्य का शिलापट्ट अनावरण कर शुभारंभ किया। इस संयंत्र के शुरू होने से जिले में दुग्ध प्रसंस्करण को बढ़ावा मिलने के साथ दुग्ध उत्पादकों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने बखरी मत्स्य बीज प्रक्षेत्र स्थित मत्स्य ब्रुड बैंक के प्रजनन कार्य का भी शुभारंभ किया। इससे गुणवत्तापूर्ण मत्स्य बीज की उपलब्धता बढ़ाने में मदद मिलेगी।
83 योजनाओं में कई विभागों की परियोजनाएं शामिल
उद्घाटन की गई योजनाओं में भवन निर्माण विभाग की 76.25 करोड़ रुपये की 25 योजनाएं, ग्रामीण कार्य विभाग सीतामढ़ी की 26.75 करोड़ की 15 योजनाएं, ग्रामीण कार्य विभाग बेलसंड की 5.80 करोड़ की 6 योजनाएं तथा ग्रामीण कार्य विभाग पुपरी की 1.45 करोड़ की 5 योजनाएं शामिल हैं।
इसके अलावा बिहार पुलिस भवन निर्माण निगम की 16.85 करोड़ की 5 योजनाएं, स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन पुपरी की करीब 26.16 लाख रुपये की 9 योजनाएं, बिहार राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड की 2.05 करोड़ की एक योजना और पथ निर्माण विभाग की 98 लाख रुपये की एक योजना का भी उद्घाटन किया गया।
वहीं, स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन कार्य प्रमंडल-01 सीतामढ़ी के अंतर्गत 46.69 करोड़ रुपये की लागत वाली एक योजना का शिलान्यास किया गया।
डेयरी और मत्स्य क्षेत्र को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि दुग्ध चूर्ण संयंत्र से दुग्ध प्रसंस्करण को बढ़ावा मिलेगा और दुग्ध उत्पादकों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। डेयरी एवं मत्स्य क्षेत्र के विकास से किसानों, पशुपालकों और मत्स्य पालकों की आय में वृद्धि होगी तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने मत्स्य हैचरी कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण भी किया। अधिकारियों ने उन्हें मत्स्य उत्पादन, कॉर्प मछलियों के प्रजनन चक्र और गुणवत्तापूर्ण मत्स्य बीज की उपलब्धता समेत विभिन्न विषयों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने मत्स्य उत्पादन एवं मत्स्य बीज की उपलब्धता बढ़ाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लाभुकों को सांकेतिक चेक एवं स्वीकृति प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए।
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, प्रभारी मंत्री श्रेयसी सिंह, डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन मंत्री नन्दकिशोर राम, समाज कल्याण मंत्री श्वेता गुप्ता, सांसद देवेश चंद्र ठाकुर, जिले के विभिन्न विधायक, पूर्व मंत्री डॉ. रंजु गीता सहित प्रशासन एवं पुलिस के कई वरीय अधिकारी मौजूद रहे।
सीतामढ़ी प्राइम न्यूज़
#SitamarhiPrimeNews #Sitamarhi #सीतामढ़ी #SamratChaudhary #सम्राटचौधरी #BiharNews #बिहारन्यूज #Development #विकासयोजना #DairyPlant #दुग्धचूर्णसंयंत्र #Fishery #मत्स्यपालन #सीतामढ़ी_न्यूज़



0 Comments