गंडक में फ्लैश फ्लड की आशंका, बिहार में अलर्ट
सीतामढ़ी। नेपाल के ऊपरी जलग्रहण क्षेत्र में फ्लैश फ्लड की स्थिति बनने और गंडक नदी में अचानक जलप्रवाह बढ़ने की संभावना को देखते हुए बिहार में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार गंडक नदी में करीब 3 मीटर तक ऊंची फ्लैश फ्लड वेव आने की संभावना जताई गई है।
मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में बुधवार को उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक हुई। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबंधित जिलों के जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस पदाधिकारी बैठक में शामिल हुए। सभी संबंधित जिलों को बचाव एवं राहत की तैयारियां पूरी रखने का निर्देश दिया गया है।
गंडक से जुड़े पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सारण, मुजफ्फरपुर एवं वैशाली में विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। सीतामढ़ी और शिवहर समेत अन्य संवेदनशील जिलों में भी स्थिति पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
संभावित बाढ़ को देखते हुए नदी के जलस्तर, तटबंधों, निचले इलाकों और पुल-पुलियों की निगरानी बढ़ाने को कहा गया है। गोपालगंज में एक NDRF टीम भेजने तथा मुजफ्फरपुर में एक टीम को स्टैंडबाय रखने का निर्देश दिया गया है। बेतिया में भी NDRF की तैनाती की कार्रवाई की जा रही है।
जिलों को नाव, शेल्टर, सामुदायिक रसोई और संभावित प्रभावित लोगों की निकासी की तैयारी रखने को कहा गया है। सरकार ने लोगों से अपील की है कि घबराएं नहीं, लेकिन सतर्क रहें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें। अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की गई है।
सीतामढ़ी प्राइम न्यूज | 26 अगस्त 2026
#SitamarhiPrimeNews #Sitamarhi #BiharFlood #GandakRiver #FloodAlert #BiharNews #SitamarhiNews #FloodAlert2026 #NDRF #SDRF

0 Comments