Ticker

7/recent/ticker-posts

डॉक्टरों की अनिश्चितकालीन हड़ताल से बाजपट्टी में ओपीडी सेवा प्रभावित

 डॉक्टरों की अनिश्चितकालीन हड़ताल से बाजपट्टी में ओपीडी सेवा प्रभावित



बाजपट्टी. बिहार स्वास्थ्य सेवा संघ (भासा) की जिला इकाई के आह्वान पर स्वास्थ्य विभाग के निर्णयों के विरोध में चल रही अनिश्चितकालीन हड़ताल का पांचवें दिन सोमवार को बाजपट्टी में भी व्यापक असर देखने को मिला. बाजपट्टी सीएचसी समेत रसलपुर स्थित सरकारी अस्पताल में ओपीडी एवं अन्य नियमित चिकित्सा सेवाएं प्रभावित रहीं. हड़ताल मुख्य रूप से सहरसा सदर अस्पताल में चिकित्सकों पर हुई कार्रवाई के विरोध तथा स्वास्थ्य विभाग के निर्णयों को लेकर की जा रही है. हालांकि इमरजेंसी सेवा जारी है.

बाजपट्टी सीएचसी में इलाज के लिए पहुंचे मरीजों को काफी परेशानी हुई. अस्पताल में मौजूद डॉक्टर सोनू कुमार ने बताया कि इमरजेंसी में आने वाले मरीजों को वापस नहीं किया जाता है, लेकिन ओपीडी, दवा वितरण सहित अन्य नियमित सेवाएं प्रभावित हैं. सुनीता देवी, ललिता देवी, नागेंद्र श्रीवास्तव, मधु कुमारी सहित कई मरीजों ने अपनी परेशानी बताई.


वहीं रसलपुर सरकारी अस्पताल में भी मरीज इलाज के लिए पहुंचे, लेकिन चिकित्सा सेवा उपलब्ध नहीं होने से उन्हें वापस लौटना पड़ा. प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी शिल्पा कुमारी अस्पताल में मौजूद नहीं थीं. फोन पर उन्होंने बताया कि हड़ताल के कारण वह अस्पताल नहीं आई हैं. मरीजों ने जल्द स्वास्थ्य सेवाएं सामान्य करने की मांग की.

Post a Comment

0 Comments