अगलगी में आवासीय सहमवेशी घर जलकर राख, गाय की मौत, बछड़ा झुलसा
बाजपट्टी. थाना क्षेत्र के लोकनाथपुर वार्ड संख्या 8 निवासी दिनेश कुमार सिंह के आवासीय सहमवेशी घर में रविवार की देर रात करीब एक बजे अचानक आग लग गई. घटना के समय घर के सभी सदस्य मौजूद थे और सो रहे थे. आग कैसे लगी, इसकी जानकारी किसी को नहीं मिल सकी. इस दौरान आसपास के पड़ोसियों ने घर से आग की ऊंची लपटें उठती देखीं तो शोर मचाया. इसके बाद घर के लोगों को आग लगने की जानकारी हुई.
आग की चपेट में आने से घर में रखा अनाज, जरूरी कागजात समेत अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गए. वहीं, घर में बंधी एक गाय की जलकर मौत हो गई, जबकि एक बछड़ा झुलसकर घायल हो गया. घटना से पीड़ित परिवार को काफी नुकसान हुआ है.
सूचना मिलने पर अंचलाधिकारी सह राजस्व अधिकारी धीरज कुमार सिंह मौके पर पहुंचे. उन्होंने पीड़ित परिवार से बातचीत कर क्षति का जायजा लिया. प्रशासन की ओर से तत्काल पीड़ित को पन्नी उपलब्ध कराई गई तथा नुकसान से संबंधित आवेदन प्राप्त किया गया. इसके बाद प्रशासनिक स्तर पर आगे की आवश्यक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.



0 Comments