Ticker

7/recent/ticker-posts

TOP

सोनबरसा में बारात जाने की तैयारी मातम में बदली. तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से 10वीं के छात्र की मौ**त. दो मासूम घायल

 सोनबरसा में बारात जाने की तैयारी मातम में बदली. तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से 10वीं के छात्र की मौत. दो मासूम घायल

सीतामढ़ी प्राइम न्यूज़ | सोनबरसा

सोनबरसा थाना क्षेत्र के परछहिया गांव में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। बारात में शामिल होने के लिए वाहन का इंतजार कर रहे तीन युवकों को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। हादसे में 16 वर्षीय रेहान आलम की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दो अन्य बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।


जानकारी के अनुसार, परछहिया से अररिया टोला बारात जाने के लिए तीनों सड़क किनारे वाहन का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान सोनबरसा की ओर से तेज गति से आ रहे अज्ञात वाहन ने उन्हें रौंद दिया और चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

स्थानीय लोगों की सहायता से सभी घायलों को तत्काल सोनबरसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सीतामढ़ी सदर अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज के दौरान परछहिया वार्ड संख्या 11 निवासी मो. नसीम शेख के 16 वर्षीय पुत्र रेहान आलम की मौत हो गई। रेहान दसवीं कक्षा का छात्र था। वहीं रहमत शेख के 13 वर्षीय पुत्र नासिर शेख और शहजाद शेख के 8 वर्षीय पुत्र इन्याद शेख का इलाज जारी है।

शुक्रवार सुबह हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने रेहान के शव को एनएच-22 स्थित परछहिया चौक पर रखकर सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने बांस-बल्ला लगाकर आवागमन बाधित किया तथा टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना था कि इस स्थान पर लगातार सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं, इसलिए गांव के उत्तर और दक्षिण छोर पर शीघ्र स्पीड ब्रेकर (ठोकर) बनाया जाए। साथ ही फरार वाहन की पहचान, चालक की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की भी मांग की गई।


सड़क जाम की सूचना पर बीडीओ मृत्युंजय कुमार, थाना अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार, मुखिया प्रतिनिधि मोहम्मद जिलानी राईन, पंचायत समिति सदस्य प्रमोद पंजियार, समाजसेवी रेवी चंद्र महतो तथा पूर्णेंदु कुशवाह मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे और स्पष्ट कहा कि जब तक स्पीड ब्रेकर बनाने का आश्वासन तथा अज्ञात वाहन की पहचान की दिशा में कार्रवाई नहीं होगी, तब तक जाम समाप्त नहीं किया जाएगा और शव पोस्टमार्टम के लिए नहीं भेजा जाएगा।

बाद में बीडीओ ने सड़क निर्माण कंपनी के अधिकारियों से बातचीत की। कंपनी के मैनेजर ने मौके का निरीक्षण कर दो दिनों के भीतर स्पीड ब्रेकर बनाने का आश्वासन दिया। वहीं मुखिया प्रतिनिधि मोहम्मद जिलानी राईन ने कबीर अंत्येष्टि योजना के तहत तीन हजार रुपये की सहायता राशि मृतक के परिजनों को उपलब्ध कराई। इसके बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया और पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सीतामढ़ी सदर अस्पताल भेज दिया।


मृतक रेहान आलम दो भाइयों और दो बहनों में सबसे बड़ा था। बेटे की असमय मौत से मां हलीमा खातून का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान और चालक की गिरफ्तारी के लिए जांच में जुटी हुई है।


हेडिंग:

सोनबरसा में बारात जाने की तैयारी मातम में बदली. तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से 10वीं के छात्र की मौत. दो मासूम घायल

#Hashtags:

#SitamarhiPrimeNews #Sitamarhi #Sonbarsa #RoadAccident #NH22 #RehanAlam #BiharNews #BreakingNews #RoadSafety #SpeedBreaker #HitAndRun #JusticeForRehan #SitamarhiUpdates #LocalNews #Bihar


Post a Comment

0 Comments