आदर्श मतदान केंद्र का सजीव प्रदर्शन कर विद्यार्थियों ने दिया लोकतंत्र का संदेश
सीतामढ़ी. मतदाता जागरूकता अभियान के तहत प्लस-2 एसआरपीएन उच्च विद्यालय, बाजपट्टी में निर्वाचन साक्षरता क्लब के माध्यम से आदर्श मतदान केंद्र का सजीव प्रदर्शन किया गया. जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी रिची पांडेय के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने पीठासीन पदाधिकारी, मतदान पदाधिकारी, सुरक्षा कर्मी व मतदाता की भूमिका निभाते हुए वास्तविक मतदान प्रक्रिया का प्रदर्शन किया. विद्यार्थियों ने मतदाता पहचान पत्र की जांच, मतदान केंद्र में प्रवेश और गोपनीय मतदान की पूरी प्रक्रिया का अनुकरण किया. इस दौरान कक्षा नौ से 12 के छात्र-छात्राओं को मतदान का महत्व, निर्वाचन प्रक्रिया, ईवीएम के उपयोग, मतदाता सूची निर्माण और विशेष गहन पुनरीक्षण की जानकारी दी गई.
मुख्य अतिथि जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी कौशल कुमार नाग ने कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के जागरूक मतदाता हैं और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होगी. कार्यक्रम में निर्वाचन विषयक क्विज प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मास्टर ट्रेनर एसएन झा, आनंद राज, गौतम कुमार एवं रामनरेश प्रसाद ने पुरस्कृत किया. प्रभारी प्रधानाध्यापक सरफराज अली अहमद ने ऐसे आयोजनों के लिए जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया. मौके पर शिक्षक अनिल कुमार, राहुल कुमार, नसरुद्दीन रहमान, अविनाश कुमार, राहुल झा, अभिषेक कुमार, वर्षा कुमारी, अंजली कुमारी व नवीन कुमार समेत बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे.


0 Comments