12 सितंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत, अधिक से अधिक मामलों के निपटारे का डीएम ने दिया निर्देश
सीतामढ़ी। 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया ने अपने कार्यालय कक्ष में संबंधित पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में डीएम ने लोक अदालत के माध्यम से अधिक से अधिक लंबित मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित विभागों को सक्रियता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने जनसंपर्क विभाग को प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं सोशल मीडिया के माध्यम से राष्ट्रीय लोक अदालत का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने को कहा, ताकि अधिक से अधिक लोग इसकी जानकारी प्राप्त कर अपने मामलों के निपटारे के लिए लोक अदालत में पहुंच सकें।
बैठक में ट्रैफिक डीएसपी एवं जिला परिवहन पदाधिकारी को अपने विभाग से संबंधित मामलों, विशेषकर ई-चालान के निष्पादन के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। डीएम ने संबंधित लोगों से वन-टू-वन संपर्क स्थापित कर उन्हें लोक अदालत में उपस्थित होने के लिए प्रेरित करने को कहा।
डीएम ने जिलेवासियों से अपील की कि वे 12 सितंबर को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर अपने लंबित मामलों का निपटारा कराएं और इस अवसर का लाभ उठाएं।


0 Comments