राजवाड़ा में 20.79 लाख की लागत से बने पुल का विधायक गायत्री देवी ने किया उद्घाटन
सोनबरसा प्रखंड क्षेत्र के पुरन्दाहा राजवाड़ा गांव में शुक्रवार को पंचायत भवन की ओर जाने वाली सड़क पर बाके नदी के पाइन पर विधायक मद से नवनिर्मित पुल का उद्घाटन किया गया। परिहार विधानसभा क्षेत्र की विधायक गायत्री देवी ने फीता काटकर पुल का विधिवत उद्घाटन किया। पुल के निर्माण से स्थानीय ग्रामीणों में खुशी का माहौल है और पंचायत भवन सहित आसपास के क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर होने की उम्मीद है।उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विधायक रामनरेश यादव उपस्थित रहे। इस दौरान ग्रामीणों ने विधायक एवं पूर्व विधायक का स्वागत किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय लोगों ने नवनिर्मित पुल को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि लंबे समय से यहां आवागमन को लेकर लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। पुल निर्माण से खासकर बरसात के दिनों में ग्रामीणों को काफी राहत मिलेगी।
बताया गया कि पुल का निर्माण विधायक मद से 20 लाख 79 हजार 200 रुपये की प्राक्कलित राशि से कराया गया है। पुल का निर्माण कार्य संवेदक कृष्ण यादव द्वारा कराया गया है। उद्घाटन के अवसर पर विधायक गायत्री देवी ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए सड़क, पुल-पुलिया सहित आवश्यक बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन बेहतर होने से लोगों को पंचायत स्तर पर मिलने वाली सुविधाओं का लाभ लेने में सहूलियत होगी।कार्यक्रम के दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने नवनिर्मित पुल के लिए विधायक एवं संबंधित विभाग के प्रति आभार जताया और क्षेत्र में अन्य आवश्यक विकास कार्य कराने की मांग भी रखी । मौके पर डाक्टर अजय कुमार,विनोद साह,अशोक मिश्रा ,गोपाल ठाकुर ,जमीरी पासवान,छविला साह ,मकसुधन लाल , राम कैलाश साह ,सत्येन्द्र साह ,मनोज साह सहित बड़ी संख्या में लोग मौजुद थे।


0 Comments