तेज रफ्तार ट्रक दुकान व पेड़ से टकराया, दुकानदार समेत तीन घायल
सीतामढ़ी/बथनाहा. सीतामढ़ी-सोनबरसा राष्ट्रीय उच्च पथ-22 पर साइकिल चौक के समीप गुरुवार की देर शाम एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित दुकान व पेड़ से टकरा गया. हादसे में दुकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि दुकानदार समेत तीन लोग घायल हो गए. जानकारी के अनुसार, दुर्घटना में दुकानदार राकेश कुमार के अलावा ट्रक चालक व खलासी गंभीर रूप से घायल हो गए. टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए और घटनास्थल पर अफरातफरी का माहौल बन गया. स्थानीय लोगों की सूचना पर बथनाहा थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस व ग्रामीणों की मदद से दुर्घटनाग्रस्त ट्रक में फंसे चालक, खलासी तथा घायल दुकानदार को बाहर निकाला गया. इसके बाद तीनों घायलों को उपचार के लिए सीतामढ़ी सदर अस्पताल भेजा गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक सोनबरसा की ओर जा रहा था. साइकिल दुकान चौक के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे ट्रक सड़क किनारे स्थित दुकान को तोड़ते हुए एक पेड़ से जा टकराया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

0 Comments