जालसाजी व अनैतिक दबाव बनाने का आरोपी अभय कुमार गिरफ्तार, प्राथमिकी दर्ज
बाजपट्टी. प्रखंड के कन्हौलीपुर (कारीमाही) वार्ड संख्या 14 निवासी पीड़िता मंजू कुमारी की शिकायत पर पुलिस ने ठगी, अनैतिक दबाव व धमकी देने के आरोपी अभय कुमार श्रीवास्तव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है. आरोपी मूल रूप से गुजरात के अंकलेश्वर अंतर्गत कावेरी अपार्टमेंट तथा वर्तमान में सादातगंज (सीधी) का निवासी बताया जा रहा है.
आवेदन के अनुसार, करीब एक वर्ष पूर्व पीड़िता के पति के इलाज के दौरान पटना में आरोपी से जान-पहचान हुई थी. सहयोग का झांसा देकर आरोपी ने प्लाई बोर्ड फैक्ट्री के नाम पर 85 हजार रुपये और जमीन के कागजात अपडेट कराने के नाम पर 30 हजार रुपये ठग लिए. इसके अलावा कई महत्वपूर्ण कागजात भी अपने पास रख लिए. करीब दो माह पूर्व पीड़िता के पति के निधन के बाद आरोपी ने उस पर अनैतिक संबंध बनाने का दबाव बनाना शुरू कर दिया. विरोध करने पर उसने पूरे परिवार की हत्या करने की धमकी दी.
बीते 8 अक्टूबर की शाम आरोपी घर से जेवर व सामान समेटकर भागने का प्रयास कर रहा था, जिसे परिजनों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
#SitamarhiPrimeNews #Bajpatti #Sitamarhi #SitamarhiNews #BiharCrime #CrimeNews #PoliceAction #AbhayKumar #FraudCase #BiharNews

0 Comments