सीतामढ़ी प्राइम न्यूज़
रून्नीसैदपुर डिग्री कॉलेज में धूमधाम से मनी गांधी व शास्त्री जयंती, स्वच्छताकर्मियों का हुआ सम्मान
- चित्रकला प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों को बांटे गए प्रशस्ति-पत्र
- प्राचार्य बोले— 'जय जवान, जय किसान' और बापू के विचार आज भी प्रासंगिक
सीतामढ़ी/रून्नीसैदपुर (प्राइम न्यूज़ ब्यूरो): प्रखंड स्थित राजकीय डिग्री महाविद्यालय, रून्नीसैदपुर में सोमवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा व उल्लास के साथ मनाई गई। इस उपलक्ष्य में महाविद्यालय परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया, स्वच्छताकर्मियों को सम्मानित किया गया तथा विद्यार्थियों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित हुई।
कार्यक्रम का शुभारंभ बापू और शास्त्री जी के चित्रों पर दीप प्रज्वलन व पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। समारोह को संबोधित करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अरविंद कुमार ने कहा कि गांधीजी के स्वच्छता, श्रम की गरिमा, अहिंसा, स्वावलंबन और सामाजिक समरसता के विचार वर्तमान दौर में बेहद जरूरी हैं। वहीं, शास्त्री जी के सादगीपूर्ण जीवन और उनके ऐतिहासिक नारे 'जय जवान, जय किसान' की महत्ता पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।
विजेताओं को मिला सम्मान जयंती समारोह के दौरान आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक अपनी रचनात्मकता प्रदर्शित की। प्रतियोगिता में विपासा ने प्रथम, सुष्मिता एवं हिमांशु ने संयुक्त रूप से द्वितीय तथा काजल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सभी विजेता और प्रतिभागी विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र देकर पुरस्कृत किया गया।
ये रहे उपस्थित कार्यक्रम का सफल मंच संचालन डॉ. आदित्य पाठक ने किया। इस मौके पर महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. दीपशिखा, डॉ. अपराजिता, डॉ. मेधा, डॉ. प्रतीक्षा, डॉ. प्रणव, डॉ. पराग, डॉ. पावेल, डॉ. बरुण, डॉ. अंजलि के साथ-साथ कार्यालय कर्मी श्याम सुंदर और आशीष सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
#SitamarhiPrimeNews #Sitamarhi #Runnisaidpur #CollegeNews #GandhiJayanti #LalBahadurShastriJayanti #BiharNews

0 Comments