Ticker

7/recent/ticker-posts

TOP

पेड़ में टकराने से युवक की मौत । 9 मार्च को बेटी की शादी के लिए आया था गांव

 


बाजपट्टी में दर्दनाक हादसा: पेड़ से टकराई बाइक, मजदूर की मौत

बाजपट्टी (सीतामढ़ी): थाना क्षेत्र के यूसुफपुर गांव निवासी बैद्यनाथ शाह की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। शुक्रवार को वे अपने घर से बाजपट्टी के लिए निकले थे। बरहरवा सीमन के पास उनकी मोटरसाइकिल अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई।

सिर में गंभीर चोट, रास्ते में तोड़ा दम

हादसे में उनके सिर में गहरी चोट आई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें बाजपट्टी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए सीतामढ़ी सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
हालांकि, अस्पताल ले जाने के दौरान एंबुलेंस में ही उनकी मौत हो गई।


बेटी की शादी की तैयारी में जुटे थे

बताया गया है कि बैद्यनाथ शाह लुधियाना में रहकर मजदूरी करते थे। वे गुरुवार को ही घर लौटे थे। उनकी पुत्री की शादी आगामी 9 मार्च को होनी थी, जिसकी तैयारियों में वे जुटे हुए थे।
वे अपने पिता के चार पुत्रों में दूसरे नंबर पर थे। उनके पीछे पत्नी अनीता देवी, दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं। इनमें से एक पुत्री की शादी परिहार के खेरवा बिशनपुर में तय थी।

पुलिस की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अमृत कुमार पाल एवं सअनि संदेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।


इस हृदयविदारक घटना से गांव में शोक की लहर है। परिवार में शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।

Post a Comment

0 Comments