बोखड़ा में ताकत की दवा के नाम पर युवक को खिलाई नशीली गोली, विरोध पर छुरेबाजी में तीन घायल
सीतामढ़ी / बोखड़ा : थाना क्षेत्र के सिंघाचौड़ी गांव में ताकत की दवा बताकर युवक को कथित रूप से नशीली गोली खिलाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट और छुरेबाजी में तीन लोग घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज बोखड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें खतरे से बाहर बताया है।
मिली जानकारी के अनुसार, सिंघाचौड़ी निवासी पूर्व मुखिया स्वर्गीय मोहम्मद निजामुद्दीन के पुत्र अम्माद को गांव के ही मोहम्मद आकिब ने महुआगाछी बुलाया। आरोप है कि वहां एक दवा दुकान से नशीली दवा खरीदकर पहले खुद खाई और फिर अम्माद को ताकत की दवा बताकर खिला दी। दवा खाने के बाद युवक की तबीयत बिगड़ गई और वह नशे की हालत में बेहोश हो गया।
परिजनों ने जब इस बात की शिकायत आकिब और आरिफ के परिवार वालों से की तो दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि कुछ देर बाद दूसरे पक्ष के लोग लाठी, बेल्ट और धारदार हथियार लेकर पहुंचे और हमला कर दिया। मारपीट और चाकूबाजी की इस घटना में फरीद, अमा उद्दीन और अमना फातमा घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर बोखड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को एम्बुलेंस से बोखड़ा सीएचसी पहुंचाया गया। वहां डॉ. संत शरण प्रसाद की देखरेख में इलाज किया गया। डॉक्टरों के अनुसार सभी घायल फिलहाल खतरे से बाहर हैं।
थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।
#Sitamarhi #Bokhra #SitamarhiPrimeNews #BreakingNews #CrimeNews #BiharNews #BokhraNews #SitamarhiCrime #ViralNews #LocalNews #BiharCrime #छुरेबाजी #मारपीट #सीतामढ़ी #बोखड़ा #ब्रेकिंगन्यूज

0 Comments