बाजपट्टी के रसलपुर बाजार में धूमधाम से निकली भव्य कलश शोभायात्रा, 1101 कन्याओं ने उठाया जल
बाजपट्टी प्रखंड क्षेत्र के आजाद युवा दुर्गा पूजा समिति रसलपुर बाजार के तत्वावधान में शारदीय नवरात्र की षष्ठी तिथि के अवसर पर शुक्रवार को भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई. इस धार्मिक अनुष्ठान में कुल 1101 कुंवारी कन्याओं और महिलाओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया. शोभायात्रा पूजा पंडाल स्थल से गाजे-बाजे और जयकारों के साथ आरंभ हुई.
इसके बाद सभी श्रद्धालु पुराना बाजार पहुंचे, जहां संगही नदी स्थित ग्राम पंचायत द्वारा नवनिर्मित पक्के घाट से वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पवित्र जल कलशों में भरा गया. जल संचय करने के बाद शोभायात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः पूजा पंडाल परिसर में पहुंची, जहां विधि-विधान से कलश स्थापित किए गए.
इस धार्मिक आयोजन में मुखिया प्रतिनिधि दिलीप कुमार, सरपंच प्रतिनिधि राजेश कुमार, समिति अध्यक्ष बजरंग कुमार, उपाध्यक्ष अम्मू कुमार, कोषाध्यक्ष अभिषेक कुमार तथा सचिव सुमन कुमार सक्रिय रहे. साथ ही रसलपुर पिकेट प्रभारी संतोष कुमार, चौकीदार सुरेंद्र कुमार और मुकेश कुमार ने शांति व्यवस्था बनाए रखी.


0 Comments